सांसद द्वारा लोकसभा में उठाए गए पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रश्न

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय मंडल के द्वारा लोकसभा में बिहार विशेषकर भागलपुर क्षेत्र के किसानों के हित में पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए गए।

किसानों की आय वृद्धि, रोजगार सृजन एवं डेयरी अवसंरचना को मजबूत करने के विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया। बिहार में पशुधन एवं डेयरी विकास माननीय सांसद द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार ने बताया कि राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत देशी नस्लों के विकास एवं दूध उत्पादन में वृद्धि के लिए कार्य किया जा रहा है, जिससे लाखों डेयरी किसानों को लाभ मिला है। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत बिहार में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देते हुए विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

पशुपालन अवसंरचना विकास निधि के माध्यम से डेयरी प्रसंस्करण एवं विपणन ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत बिहार में 19 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लागत 34601.85 लाख है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पशुपालकों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक टीकाकरण अभियान चलाकर लाखों किसानों को लाभ पहुंचाया गया है।

सांसद ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भागलपुर एवं बिहार के पशुपालकों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story