बक्सर व्यवहार न्यायालय में आयाेजित विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस के नौ मामलों का हुआ निपटारा

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर व्यवहार न्यायालय में आयाेजित विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस के नौ मामलों का हुआ निपटारा


बक्सर, 18 जुलाई (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली के निर्देश पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय, बक्सर में एनआई एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुश्री काजल झाम्ब ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव बिंदेश्वरी पांडे सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। खबर लिखे जाने तक न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी दिवाकर राम एवं पैनल अधिवक्ता प्रमिला पाठक की पीठ ने आपसी सुलह-समझौते के आधार पर नौ मामलों का निपटारा करते हुए 27 लाख 52 हजार रुपये की समझौता राशि पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर कराए।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री काजल झाम्ब ने कहा कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के अंतर्गत लंबित चेक बाउंस एवं वित्तीय लेनदेन संबंधी मामलों का शीघ्र, सुलभ और सौहार्दपूर्ण निस्तारण करना है। उन्होंने बताया कि इस बार मामलों की सुनवाई वर्चुअल और फिजिकल दोनों माध्यमों से की जा रही है, ताकि दूरदराज के पक्षकार भी आसानी से न्याय प्राप्त कर सकें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव-सह-अवर न्यायाधीश श्रीमती नेहा दयाल ने आमजन से विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर लंबित मामलों का आपसी सहमति से समाधान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर के कार्यालय, हेल्पलाइन 06183-299925 अथवा ईमेल dlsa.buxar2026@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story