बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर व 45 हजार नकद की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर व 45 हजार नकद की चोरी


किशनगंज, 02 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के मोतीबाग इलाके में बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली।

घटना उस समय हुई जब गृहस्वामिनी अपने पति के इलाज के लिए नेपाल के काठमांडू गई हुई थीं।

मामले में पीड़िता के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति अमरेश कुमार की आंख के ऑपरेशन के लिए वह नेपाल के काठमांडू गई थीं। घर की देखरेख की जिम्मेदारी उनकी मां शालिनी चौधरी को सौंपी गई थी। कुछ दिनों तक उनकी मां घर में रहीं, लेकिन पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूर्णिया जाने के कारण 23 जून से घर पूरी तरह बंद था।

आवेदन के अनुसार, 28 जून को उनकी बेटी अपने मामा के साथ मोतीबाग स्थित घर पहुंची तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और अन्य सामान की तलाशी लेने के बाद चोरी की घटना की पुष्टि हुई।

इसकी सूचना तत्काल स्थानीय वार्ड पार्षद अरविंद मंडल को दी गई। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पीड़िता 30 जून को किशनगंज लौटने के बाद घर पहुंचीं और चोरी हुए सामान का आकलन किया। उनके अनुसार, चोर दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के कान के आभूषण, चांदी की पायल, अन्य चांदी के आभूषण तथा 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पीड़िता ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर चोरों की पहचान करने तथा मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

गुरुवार को सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story