एलएनएमयू में दिसंबर में होगी वार्षिक सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह

WhatsApp Channel Join Now
एलएनएमयू में दिसंबर में होगी वार्षिक सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह


एलएनएमयू में दिसंबर में होगी वार्षिक सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह


दरभंगा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक हाइब्रिड मोड में कुलपति के आवासीय कार्यालय कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास, शैक्षणिक विस्तार और आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वार्षिक सीनेट की बैठक 1, 2 या 3 दिसंबर, 2026 को तथा दीक्षांत समारोह 22, 23 या 24 दिसंबर, 2026 को आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। निर्धारित तिथियों पर सहमति के लिए विश्वविद्यालय की ओर से कुलाधिपति को पत्र भेजा जाएगा।

विश्वविद्यालय के समुचित विकास के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप तैयार करने का भी निर्णय लिया गया। विभागाध्यक्षों और सिंडिकेट सदस्यों के सहयोग से इसे 15 दिनों के भीतर तैयार किया जाएगा।

बैठक में महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में भूगोल, प्राणी विज्ञान, गृह विज्ञान और उर्दू विषयों में स्नातकोत्तर पढ़ाई शुरू करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। वहीं, बहेड़ा कॉलेज, बहेड़ा में इतिहास, राजनीति विज्ञान और हिंदी विषयों में स्नातकोत्तर पढ़ाई शुरू करने के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिली। हालांकि, दोनों कॉलेजों में इन विषयों की पढ़ाई शुरू करने के लिए विधिवत प्रस्ताव प्राप्त होने और विश्वविद्यालय की संबंधित निकायों से स्वीकृति मिलने के बाद ही इसे लागू किया जाएगा।

बैठक में 25 सितंबर को हुई पिछली सिंडिकेट बैठक, 15 अक्टूबर की वित्त समिति बैठक तथा परीक्षा परिषद की 23 सितंबर और 15 अक्टूबर की बैठकों के कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई। इसके अलावा 6 अक्टूबर को एमईआरयू (पीएम-ऊषा) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में लिए गए निर्णयों की भी पुष्टि की गई।

बैठक में सिंडिकेट के कई सदस्य ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए। अंत में कुलसचिव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story