लोजपा (रा.) ने समस्या और सुझाव संग्रह के लिए जारी किया नंबर 7091776636

WhatsApp Channel Join Now
लोजपा (रा.) ने समस्या और सुझाव संग्रह के लिए जारी किया नंबर 7091776636


बेगूसराय, 09 जून (हि.स.)।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का घोषणा पत्र नेता नहीं, बल्कि आम जनता से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी जिलाध्यक्ष ने दी।

जिलाध्यक्ष प्रेम पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार को विकसित राज्य बनाने एवं चौमुखी विकास के लिए व्हाट्सएप नंबर 7091776636 जारी किया है। जिले के सभी क्षेत्रों के समस्याओं को व्हाट्सएप नंबर पर भेजा जाए। प्राप्त समस्या एवं सुझाव बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन डॉक्यूमेंट के पार्टी एजेंडा में जोड़ा जाएगा। आगामी लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा चुनाव उसी आधार पर लड़ा जाएगा।

पूर्व विधायक रामविनोद पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के आलोक में जिले में पूर्व से जो मुख्य समस्या है, उसे लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एजेंडा में शामिल किया जाएगा। बेगूसराय में बंद पड़े लेदर उद्योग को चालू करने के लिए संघर्ष किया जाएगा। असुरारी में बियाडा के तीन सौ एकड़ भूमि में उद्योग लगाने के लिए संघर्ष किया जाएगा।

युवा जिलाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं को लेकर पार्टी संघर्ष करती रहेगी। अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मो. नसीर उद्दीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य पर काम करना है। प्रेसवार्ता में खेल एवं संस्कृति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कुंदन कुमार, बेगूसराय विधानसभा अध्यक्ष उमेश पासवान, मटिहानी विधानसभा अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला प्रवक्ता अनुज चेतन, प्रदेश के महिला सेल के शीला सिन्हा एवं मुकुंद सिंह भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/गोविन्द

Share this story