रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर लोजपा (रामविलास) ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम
किशनगंज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को लोजपा (रामविलास) के जिला कार्यालय हलीम चौक, दर्जी बस्ती में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हबीबुर रहमान ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान के विचार और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। वहीं युवा जिलाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि रामविलास पासवान देश के दलित, वंचित और असहाय लोगों की मजबूत आवाज थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालते हुए आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी और कई महत्वपूर्ण बदलावों में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि संचार क्षेत्र में आम लोगों तक मोबाइल सेवा की पहुंच बढ़ाने तथा रेलवे में गरीबों और मजदूरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका 12 जनपथ स्थित आवास हमेशा आम लोगों के लिए खुला रहता था। जनता की समस्याएं सुनना और जरूरतमंदों की सहायता करना उनकी राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा था। कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने और ‘एक देश, एक राशन कार्ड’ जैसी पहल को आगे बढ़ाने में भी रामविलास पासवान के योगदान को याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि पासवान ने छह प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालते हुए अपनी अलग पहचान बनाई और करोड़ों युवाओं तथा आम लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने रामविलास पासवान को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि यह उनके प्रति सम्मान का महत्वपूर्ण प्रतीक होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

