जागरूकता शिविर में 237 पशुओं की हुई जांच व मुफ्त दवा वितरण

WhatsApp Channel Join Now
जागरूकता शिविर में 237 पशुओं की हुई जांच व मुफ्त दवा वितरण


कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ करने और बेहतर पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को कटिहार सदर प्रखंड की डहेरिया पंचायत स्थित चिलमारा गांव में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। जीविका की प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई (कटिहार सदर) तथा पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 167 पशुपालकों ने अपने 237 पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण कर पशुपालकों को आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में मौजूद पशु स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अमरंजय कुमार और सहयोगी सचिन कुमार ने ग्रामीणों व जीविका दीदियों को गाय, भैंस, बकरी और भेड़ जैसे पालतू पशुओं के बेहतर रखरखाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुपालन से अधिक उत्पादन और नियमित आय प्राप्त करने के लिए पशुओं का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों ने पशुपालकों को विभिन्न मौसमी बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर टीकाकरण, साफ-सफाई, संतुलित खान-पान तथा आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के तरीकों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

जीविका कटिहार के प्रबंधक संचार रूपेश कुमार एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक निक्की सेठिया ने बताया कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे लाभकारी व टिकाऊ बनाने के लिए जीविका द्वारा हर वर्ष प्रखंड स्तर पर ऐसे शिविर लगाए जाते हैं। इस अवसर पर जीविकोपार्जन विशेषज्ञ अमन कुमार, जीविका कर्मी हेमा कुमारी, रश्मि कुमारी, गंगासागर जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति के प्रतिनिधि, लेखपाल मंजू कुमारी सहित कई सामुदायिक कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story