किशनगंज में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 438 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 438 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाठामारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 438.03 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

पुलिस ने शराब लदी एक पिकअप को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के मधेपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरी गांव निवासी दीप नारायण यादव के पुत्र ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है।

रविवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर पाठामारी थाना क्षेत्र के अमलझाड़ी पेट्रोल पंप के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रही पिकअप संख्या RB43GB0936 के चालक ने पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें कुल 438.03 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। मामले में पाठामारी थाना कांड संख्या 44/2026, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का पता चलने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है। छापेमारी दल में ठाकुरगंज अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ, पाठामारी के प्रभारी थानाध्यक्ष अनील कुमार शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि नशामुक्त किशनगंज के उद्देश्य से अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story