सुपौल में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से 1,080 बोतल विदेशी शराब बरामद
सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)। भपटियाही थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-27 स्थित पिपराखुर्द टावर चौक के पास एक 407 ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की।
तलाशी के दौरान ट्रक के गुप्त तहखाने से रॉयल मेसन गोल्ड ब्रांड की कुल 1,080 बोतल शराब मिली। बरामद शराब की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।प्रभारी थानाध्यक्ष शौर्य दिव्यांशु के अनुसार, पुलिस देर रात एनएच-27 पर गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पिपराखुर्द टावर चौक के पास एक 407 ट्रक संदिग्ध स्थिति में गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया तो चालक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया और ट्रक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए गुप्त तहखाने से शराब बरामद हुई। इसमें 375 एमएल की 35 पेटियों में 840 बोतल तथा 180 एमएल की पांच पेटियों में 240 बोतल शराब शामिल थी।
पुलिस ने कुल 40 पेटियों को जब्त किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के देवगांविलपुर निवासी सुब्रतो मंडल के रूप में हुई है।
पूछताछ में शराब की खेप बंगाल से लाकर कोसी टोल प्लाजा की ओर पहुंचाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि एनएच-27 पर शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

