शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 23 मई (हि.स.)। जिले में अवैध शराब माफियाओं और तस्करों के खिलाफ कटिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मनिहारी और बलिया बेलौन थाना क्षेत्रों से कुल 244.125 लीटर देशी व विदेशी शराब बरामद करते हुए दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
मनिहारी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर आजमपुर कालीमंदिर की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ तत्काल आजमपुर कालीमंदिर के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहन यादव (पिता विनोद यादव), साकिन मिलिक, थाना मनिहारी, जिला कटिहार के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से कुल 112.125 लीटर शराब (54 लीटर देशी और 58.125 लीटर विदेशी) बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई बलिया बेलौन थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार सवार व्यक्ति भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर मीनापुर चौक की तरफ आ रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मीनापुर चौक पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखकर कार सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 132 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान शमसुल हक (पिता अब्दुल रहीम), साकिन तामोट (वार्ड नंबर 0-5), थाना डगरूआ, जिला पूर्णिया के रूप में की गई है। पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
दोनों ही मामलों में संबंधित थानों द्वारा मद्यनिषेध कानून के तहत कांड दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

