15 दिन में शराब विनष्टीकरण और हफ्ते भर में हो वाहनों का मूल्यांकन: जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
15 दिन में शराब विनष्टीकरण और हफ्ते भर में हो वाहनों का मूल्यांकन: जिलाधिकारी


15 दिन में शराब विनष्टीकरण और हफ्ते भर में हो वाहनों का मूल्यांकन: जिलाधिकारी


सारण, 01 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मद्य निषेध, अतिक्रमण, खनन एवं यातायात नियंत्रण को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। मद्य निषेध समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने थाना स्तर पर शराब विनष्टीकरण के प्रस्ताव 15 दिनों से अधिक लंबित न रखने की हिदायत दी।

जब्त 211 वाहनों का मूल्यांकन रिपोर्ट एक सप्ताह में देने के निर्देश एमवीआई को दिए गए, ताकि नीलामी प्रक्रिया शुरू हो सके। भोजपुर-छपरा सीमा चेक पोस्ट को तुरंत दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर क्रियाशील करने को कहा गया। अतिक्रमण और अवैध खनन के खिलाफ सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

शस्त्र सत्यापन पर जिलाधिकारी ने कहा कि अगस्त अंत तक सभी अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी शनिवार को शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन पूरा करें। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story