बोलेरो में तस्करी कर लाये जा रहे सौ बोतल विदेशी शराब बरामद,महिला सहित तीन गिरफ्तार
अररिया 18 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया जिला मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन टोल प्लाजा के पास एक बोलेरो वाहन में गुप्त तहखाना बनाकर पश्चिम बंगाल से तस्करी कर लाया जा रहा सौ बोतल विदेशी शराब बरामद किया।मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को यह जानकारी मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने दी।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि आज रविवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि विदेशी शराब की बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की तरफ फोर लेन सड़क से जाने वाली है। प्राप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध के थानाध्यक्ष द्वारा दिये गये निदेश के आलोक में एसआई प्रीति कुमारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। दल में अवर निरीक्षक शिवज्ञान कुमार, एएसआई अनिल कुमार सिंह, एवं मद्य निषेध सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
गठित टीम द्वारा किशनगंज अररिया वाली फोर लेन में जोकिहाट थाना अन्तर्गत काकन टोल पलाजा के पास पहुंच कर संदिग्ध वाहन का जांच प्रारंम्भ किया। साढ़े दस बजे के करीब संदिग्ध महिन्द्रा बोलेरो वाहन संख्या बीआर32जी -9490 आता दिखाई दिया। जांच दल को देखकर वाहन चालक गाड़ी को घुमाने का प्रयास किया, परन्तु गश्ती दल द्वारा घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। वाहन को रोकने के बाद चालक एवं उनके दो सहयोगी को कस्टडी में लिया गया।हिरासत में लिये गये तस्करों में उत्तरप्रदेश के अमरोहा जिला के गजरौला थाना क्षेत्र के लठिरा गांव निवासी सतपाल पिता ललवा,दरभंगा के बहेरा थाना के नरहा निवासी सुमन कुमार महतो पिता विश्वनाथ महतो एवं मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के रेपुरा रामपुर बल्ली निवासी अर्चना देवी पति गोपाल ठाकुर है।
वाहन की तलाशी के क्रम में वाहन में सीट के नीचे लोहे से बना गुप्त तहखाने से विदेशी शराब बरामद हुआ।तीन अलग अलग ब्रांड के सौ बोतल शराब कुल 36.03 लीटर शराब बरामद किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

