आकाशीय बिजली गिरने से बाबा जनेश्वरनाथ मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त
दरभंगा 29 जून (हि.स.)। बिहार में दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड अंतर्गत होरलपट्टी स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा जनेश्वरनाथ महादेव मंदिर पर रविवार की रात करीब 10 बजे आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का शिखर एवं गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय मंदिर में शयन आरती समाप्त हुई थी और लगभग 25 श्रद्धालु भीतर मौजूद थे। संयोगवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त गुंबद का अवलोकन किया और भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक एवं बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद मंदिर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया तथा मौके से ही जिलाधिकारी कौशल कुमार से दूरभाष पर बात कर मंदिर के गुंबद की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ लोग इसे अनिष्ट की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई श्रद्धालुओं का मानना है कि गांव पर आने वाले संभावित संकट को भगवान भोलेनाथ ने स्वयं अपने ऊपर ले लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

