युवती पर जानलेवा हमला, मारपीट कर चेन व नगदी लूटने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
युवती पर जानलेवा हमला, मारपीट कर चेन व नगदी लूटने का आरोप


किशनगंज, 23 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के माछमारा खगड़ा की रहने वाली एक 18 वर्षीय युवती ने सात लोगों पर जानलेवा हमला, मारपीट, लूटपाट और अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता लक्ष्मी देवी ने बताया कि 20 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह इमामबाड़ा चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। साथ ही गले से करीब सात भर वजन की सोने की चेन और पर्स में रखे 4,500 रुपये छीन लिए।

उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। घटना के दौरान युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने अपने आवेदन के साथ मेडिकल प्रमाणपत्र भी संलग्न करते हुए सभी आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है तथा सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story