भवानीपुर में अवैध क्लीनिक ‘सवेरा’ पर छापा
पूर्णिया, 05 मई (हि.स.)।
जिले में भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक ‘सवेरा’ के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए छापामारी की। अवैध संचालन की सूचना मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी, धमदाहा के नेतृत्व में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ संयुक्त टीम ने क्लीनिक पर कार्रवाई की।
छापामारी के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई, जहां बिना किसी डॉक्टर एवं नर्स की उपस्थिति में एक नवजात शिशु को रखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के सहयोग से नवजात को सुरक्षित इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध क्लीनिक को सील कर दिया और संबंधित संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

