निर्वाचन आयोग के खिलाफ भागलपुर में वामदलों का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
निर्वाचन आयोग के खिलाफ भागलपुर में वामदलों का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग


भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। निर्वाचन आयोग की कथित मनमानी, निरंकुशता, अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक कार्यप्रणाली के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय स्टेशन चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अम्बेडकर स्मारक के पास वामदलों ने एक दिवसीय प्रतिरोध सभा का आयोजन किया। इस दौरान वामपंथी नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की पुरजोर मांग की। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है। उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है और वे निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय भारतीय जनता पार्टी के एक राजनीतिक औजार के रूप में काम कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर आम जनता को उनके बुनियादी मताधिकार से वंचित किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वामदलों ने सभा के माध्यम से सरकार और आयोग के सामने मुख्य रूप से अपनी मांगों को रखते हुए कहा कि निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण की मौजूदा प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए। एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान जिन वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनका मताधिकार वापस बहाल किया जाए और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की वर्तमान व्यवस्था को बदला जाए और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सुझाए गए पैनल के माध्यम से ही नई नियुक्तियां की जाएं। इस प्रतिरोध सभा का संयुक्त नेतृत्व सीपीआई के सहायक जिला सचिव संजीत सुमन, सीपीआई(एम) ् के जिला सचिव दशरथ प्रसाद और सीपीआई (माले) के नगर सचिव विष्णु मंडल ने किया। सभा को मुख्य रूप से सीपीआई के जिला प्रभारी डॉ. सुधीर शर्मा, अनिता शर्मा, मनोहर शर्मा सहित सीपीआई(एम) के विनय चौबे, मो. फैज अहमद और मनोहर मंडल ने संबोधित किया। इस विरोध प्रदर्शन में अपनी एकजुटता दर्ज कराने के लिए अभिमन्यु मंडल, गोपाल राय, सचिन कुमार, देवचंद्र झा, मो. मुस्ताक, राजू सिंह, आर.के. सिंह, विनोद मंडल, शिशु कुमार लाल और डोमी मंडल सहित बड़ी संख्या में वामपंथी कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story