जन सुराज के कई नेता कांग्रेस पार्टी में हुए शामिल
पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)। जन सुराज पार्टी के कई नेता अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इन नेताओं को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से गोविंद आनंद, अमित आनंद, अभिराज सिंह, प्रशांत अभिषेक, शायक आलम तथा प्रोफेसर चंद्रिमा सिंह शामिल है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी नए साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि जन सुराज से आए इन युवा और अनुभवी साथियों के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की विचारधारा को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
पार्टी में शामिल नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता और राहुल गांधी के नेतृत्व एवं विजन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और कहा कि देश और राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम कांग्रेस ही कर सकती है। मिलन समारोह में राजीव मेहता, पंकज यादव, कमल कमलेश, प्रेमचंद सिंह, विमलेश तिवारी, डॉ. परवेज़ हसन, मंजीत आनंद साहू, डॉ. अमन कुमार, राकेश यादव एवं मंकेश सहित कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

