जमुई की घटना पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने सरकार को घेरा, कहा- कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल

WhatsApp Channel Join Now
जमुई की घटना पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने सरकार को घेरा, कहा- कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल


भागलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य अजीत शर्मा ने जमुई में एक नाबालिग छात्रा के साथ घटित अमानवीय घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने बिहार की वर्तमान कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए तथाकथित 'डबल इंजन' की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है।

अजीत शर्मा ने कहा कि जमुई में हुई यह अमानवीय घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए एक बड़ा कलंक है। उन्होंने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भाजपा 'जंगलराज' का विरोध करने का दावा कर सत्ता में आई थी, आज उसी के शासनकाल में पूरे बिहार को शर्मशार होना पड़ रहा है। पूर्व विधायक ने राज्य सरकार से इस मामले में त्वरित संज्ञान लेने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस घटना पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि दोषियों को अविलम्ब और सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शर्मा ने कहा कि बिहार में आए दिन हो रही ऐसी वारदातें यह साबित करती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यह घटना सत्ता संरक्षित अपराधियों के बढ़ते मनोबल का एक जीता-जागता उदाहरण है, जिस पर सरकार लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story