पुआल लदी जुगाड़ गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुआल लदी जुगाड़ गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार


भागलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले की सुलतानगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को बाबा चौक फोरलेन के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने पुआल से लदी एक जुगाड़ गाड़ी की तलाशी लेकर कुल 487.065 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह खेप झारखंड से तस्करी कर मुंगेर ले जाई जा रही थी।

मौके से पुलिस ने जुगाड़ गाड़ी के चालक सौरभ कुमार को हिरासत में ले लिया है। सुलतानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को इलाके में शराब की बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआइ रोशन कुमार, एएसआइ अनुज कुमार, हवलदार सकलदेव यादव और पुलिस बल की टीम ने फोरलेन पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध पुआल लदी जुगाड़ गाड़ी आती दिखी। जब पुलिस ने जुगाड़ गाड़ी को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो पुआल के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई हुई मिली।

पुलिस ने मौके से 34 बड़े और 21 छोटे कार्टन में बंद कुल 487.065 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि इस मामले में मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story