कटिहार के सभी 16 अंचलों में विशेष भूमि सर्वेक्षण तेज, 57 गांवों का अंतिम प्रकाशन पूरा

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के सभी 16 अंचलों में जमीन के विशेष सर्वेक्षण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। प्रथम चरण के अंतर्गत कोढ़ा, फलका और कुर्सेला अंचल के कुल 178 राजस्व ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। इनमें से अब तक 151 राजस्व गांवों का अंतिम प्रारूप प्रकाशन (प्रपत्र-20) पूरा कर लिया गया है, जबकि 57 राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-25 के तहत अंतिम प्रकाशन की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है। वहीं दूसरी तरफ द्वितीय चरण के तहत जिले के शेष 13 अंचलों के 1336 राजस्व ग्रामों में भी सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी तत्परता से जारी है।

द्वितीय चरण के तहत अब तक 365 राजस्व ग्रामों में किस्तवार, 75 गांवों में खानापुरी और 17 राजस्व ग्रामों में लैंड पार्सल मैप (एलपीएम) का वितरण कार्य संपन्न हो चुका है। मौजूदा समय में बाढ़ और मानसूनी बारिश के असर को देखते हुए जिला प्रशासन शेष बचे कार्यों में तेजी लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर रहा है, जिससे कि सर्वेक्षण कार्य को पूर्व निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण कराया जा सके।

जिले में इस वृहद राजस्व अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए वर्तमान में 11 शिविर प्रभारी, 13 विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, 18 विशेष सर्वेक्षण लिपिक और 261 विशेष सर्वेक्षण अमीन धरातल पर पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यरत हैं। जलस्तर घटते ही मैदानी सत्यापन और तकनीकी कार्यों को और अधिक रफ्तार दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story