भूमाफिया ने भाजपा नेता को भी नहीं बख्श ,शम्भू प्रसाद साह की खरीदी जमीन हड़पने की साजिश

WhatsApp Channel Join Now
भूमाफिया ने भाजपा नेता को भी नहीं बख्श ,शम्भू प्रसाद साह की खरीदी जमीन हड़पने की साजिश


अररिया, 25 जुलाई(हि.स.)।

सीमांचल में जमीन माफ़िया इस कदर सक्रिय है कि अब व्यापारियों और जमींदारों को निशाना बनाते बनाते भाजपा नेता पर भी निशाना साधना शुरू कर दिया है। ताजातरीन मामला फारबिसगंज भाजपा के वरिष्ठ नेता शम्भू प्रसाद साह से जुड़ा है,जिसकी जमीन पर भूमाफियाओं ने फर्जी कागज बनाकर कब्जे और रंगदारी का दबाव बनाया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शम्भू प्रसाद साह की विधिवत खरीदी गई जमीन को हड़पने के उद्देश्य से कुछ भूमाफियाओं ने जाली दस्तावेज तैयार कर लिए। इतना ही नहीं, जमीन खाली नहीं करने पर रंगदारी की मांग भी की गई। मामले में बथनाहा थाना में लिखित शिकायत के बाद कांड दर्ज किया गया है।

दर्ज कांड के अनुसार, जमीन को साह ने कई वर्ष पूर्व वैध तरीके से खरीदा था और उस पर उनका कब्जा है। आरोप है कि भूमाफियाओं ने साजिश के तहत फर्जी कागजात बनाकर जमीन को अपना बताने की कोशिश की और विरोध करने पर जानमाल की धमकी के साथ रंगदारी की मांग की।

इस संबंध में शम्भू प्रसाद साह ने कहा कि मैंने यह जमीन कानूनी तरीके से खरीदी है। मेरे पास सभी वैध दस्तावेज हैं। कुछ भूमाफिया जाली कागज बनाकर मेरी जमीन हड़पना चाहते हैं और रंगदारी मांग रहे हैं। मैंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूं।

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनकी जमीन को सुरक्षित कराया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story