जमीन दिलाने के नाम पर शिक्षक से 14.51 लाख की ठगी, चार लोगों पर केस दर्ज
सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर निवासी एवं प्राथमिक विद्यालय मलमलिया सुखानगर में कार्यरत शिक्षक श्याम सुंदर मंडल ने जमीन दिलाने के नाम पर 14.51 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है।
इस मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सिमराही निवासी अवध बिहारी भगत, उनके भाई अमित भगत, माता संगीता देवी तथा बिचौलिया सुगंधी मंडल ने जमीन बेचने का भरोसा देकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 14.51 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि कई बार जमीन का निबंधन कराने की मांग करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में जमीन देने से साफ इनकार कर दिया।पीड़ित शिक्षक का कहना है कि लगातार दबाव बनाने के बाद आरोपियों ने केवल 1.81 लाख रुपये वापस किए, जबकि 12.70 लाख रुपये अब भी बकाया हैं। शेष राशि मांगने पर अमित भगत ने जान से मारने और किडनी निकालकर बेच देने जैसी धमकी भी दी।
इस घटना से उन्हें आर्थिक, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। शिक्षक ने बताया कि जमीन खरीदने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लिया था, जिसकी किस्तें अभी भी चुका रहे हैं।
आवेदन में कहा गया है कि मामले के समाधान के लिए कई बार सामाजिक पंचायत हुई और कानूनी नोटिस भी भेजा गया, लेकिन न तो जमीन का निबंधन कराया गया और न ही पूरी राशि लौटाई गई। इसके बाद उन्होंने राघोपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

