पुलिस की मौजूदगी में दो पक्षों में मारपीट, चार घायल; आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस की मौजूदगी में दो पक्षों में मारपीट, चार घायल; आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम


दरभंगा, 20 अगस्त (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर नीपुर प्रखंड क्षेत्र के मकरमपुर गांव में गुरुवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के गोविंद चौधरी, उनकी पत्नी एवं पुत्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे पक्ष के कुमार चौधरी भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवादित जमीन की सर्वे प्रक्रिया को लेकर अमीन के पहुंचने के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। बताया जाता है कि उस समय पुलिस प्रशासन की मौजूदगी भी थी।

गोविंद चौधरी के परिजनों का आरोप है कि विवाद की आशंका को देखते हुए उन्होंने डायल-112 को सूचना दी थी। डायल-112 की टीम के साथ वे विवादित जमीन पर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में उन पर हमला कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहने के बावजूद हमले को रोकने में प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर सके।

मारपीट में घायल सभी लोगों को ग्रामीणों की मदद से बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

इधर, पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की घटना से आक्रोशित गोविंद चौधरी के परिजनों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट और इस दौरान पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story