भूमि विवाद में फंसी सड़क, अनंतपुर चौक पर ग्रामीणों ने दो घंटे तक किया चक्काजाम
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुर चौक स्थित थान गाछी के समीप सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बांस-बल्ला और लकड़ियां रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड संख्या 12 को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग के बीच लगभग 250 से 300 फीट जमीन निजी स्वामित्व की होने के कारण वर्षों से सड़क निर्माण का कार्य रुका हुआ है।
भूमि विवाद का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में कच्ची सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और आम लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।प्रदर्शन के दौरान रामेश्वरी मंडल, उमेश मंडल, डोमी मंडल, गणेश मंडल, हरखू मंडल, महेश मंडल सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए जदिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को गंभीर बताते हुए त्रिवेणीगंज की अंचलाधिकारी (सीओ) से दूरभाष पर बातचीत की। सीओ ने आश्वासन दिया कि विवादित भूमि की जल्द सरकारी मापी कराई जाएगी तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर कानूनी प्रक्रिया के तहत स्थायी समाधान निकाला जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर जाम हटा लिया और यातायात सामान्य हो गया।मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल ने कहा कि वार्ड संख्या 12 के लोगों की सड़क संबंधी समस्या लंबे समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि निजी भूमि के कारण निर्माण कार्य बाधित है, लेकिन प्रशासन ने जल्द मापी कराकर कानूनी प्रक्रिया के तहत विवाद का स्थायी समाधान कराने का भरोसा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

