श्रम अधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर, श्रमिकों को योजनाओं व अधिकारों की दी गई विस्तृत जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
श्रम अधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर, श्रमिकों को योजनाओं व अधिकारों की दी गई विस्तृत जानकारी


दरभंगा, 15 जुलाई (हि.स.)। श्रम अधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को उप श्रमायुक्त कार्यालय सभागार में ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर सह एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को श्रम कानूनों, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप श्रमायुक्त राकेश रंजन, संयुक्त आयुक्त (राज्य कर) प्रतिमा कुमारी, विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों, कार्यालय कर्मियों एवं कामगार यूनियनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने जिले के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे महिला एवं पुरुष श्रमिकों का स्वागत करते हुए कहा कि विभाग का लक्ष्य सरकारी योजनाओं और श्रमिक अधिकारों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त श्रमिकों से अपने-अपने पंचायतों में कम से कम 100 लोगों को श्रम कानूनों एवं विभागीय योजनाओं के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने बाल श्रम को सामाजिक अभिशाप बताते हुए कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल 2026 से लागू नई न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार सामान्य नियोजन में अकुशल श्रमिकों के लिए 436 रुपये, अर्द्धकुशल के लिए 452 रुपये, कुशल के लिए 551 रुपये तथा अतिकुशल श्रमिकों के लिए 672 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं। यदि किसी श्रमिक को निर्धारित दर से कम मजदूरी दी जाती है तो वह श्रम विभाग में शिकायत दर्ज करा सकता है।

संयुक्त आयुक्त (राज्य कर) प्रतिमा कुमारी ने कहा कि श्रम विभाग की यह पहल श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी दें।

शिविर के दौरान बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। साथ ही ई-श्रम पोर्टल, प्रवासी कामगार ऐप, नए श्रम कानूनों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रमिकों का निबंधन किया गया तथा उन्हें विभागीय प्रचार-प्रसार सामग्री, यात्रा भत्ता और एक दिन की अतिरिक्त मजदूरी उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण शिविर में शामिल श्रमिकों ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें अपने अधिकारों, न्यूनतम मजदूरी और सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story