लेबर कोड कानून लागू किए जाने का करेंगे विरोध

WhatsApp Channel Join Now
लेबर कोड कानून लागू किए जाने का करेंगे विरोध


भागलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। लेबर कोड कानून लागू किए जाने के खिलाफ 1 अप्रैल को आहूत देशव्यापी काला दिवस को लेकर शनिवार को स्थानीय कचहरी परिसर में मजदूर संगठनों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त, एटक के जिला महासचिव डॉ. सुधीर शर्मा, सीटू के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, सेवा की मौसम देवी, पूनम केशरी और इंटक के जिला अध्यक्ष ई. रवि कुमार शामिल हुए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अप्रैल को काला दिवस के दिन संगठित व असंगठित सेक्टर के मजदूर अपने – अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी लगा कर लेबर कोड लागू किए जाने का विरोध करेंगे। संध्या में स्थानीय स्टेशन चौक पर सभी केंद्रीय ट्रेड यूनियन एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। बैठक में लेबर लेबर कोड कानून का पुरजोर विरोध करते हुए मजदूर संगठनों के नेतृत्वकारियों ने कहा कि 12 फरवरी 2026 को आम हड़ताल कर देश के मजदूरों ने गुलामी वाले इन चार लेबर कोडों को खारिज कर दिया है।

इसके बावजूद केंद्र की मोदी सरकार इन कोडों को मजदूरों के लिए फायदेमंद बताने के लिए झूठा प्रचार कर रही है और इसे 1 अप्रैल से लागू करने पर उतारु है। इसे लागू नहीं करने देने और मजदूर अधिकारों पर जारी तीखे हमलों को रोकने के लिए केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने 1 अप्रैल को देशव्यापी काला दिवस का आह्वान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने भी काला दिवस का समर्थन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story