कुनौली में 100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शिवपुराण कथा का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
कुनौली में 100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शिवपुराण कथा का शुभारंभ


सुपौल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र स्थित कुनौली के प्राचीन बाबा खुटेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। लगभग 100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय शिव पुराण कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई, जिसमें रंग-बिरंगे परिधानों में सजी कन्याएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच मंदिर परिसर से निकलकर कोशी प्रोजेक्ट, थाना, पश्चिम टोला, कुनौली बाजार, भन्सार, बेरिया घाट और बथनाहा होते हुए कोशी नदी पहुंची।कोशी नदी में वैदिक विधि-विधान से जल भरने के बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः कथा स्थल पहुंचे, जहां शिव पुराण कथा के शुभारंभ की सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई थीं।

मंदिर के पुजारी रमाकांत गिरी ने बताया कि मंदिर परिसर में नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह सात बजे से नौ बजे तक बाबा खुटेश्वर नाथ का रुद्राभिषेक होगा। इसके बाद विद्वान आचार्यों द्वारा शिव पुराण कथा का वाचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में भारत और नेपाल के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है। मंच, प्रकाश व्यवस्था, बैठक की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से कथा का श्रवण कर सकें।कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं स्वयंसेवकों ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

पुजारी रमाकांत गिरी ने बताया कि सावन माह में आयोजित शिव पुराण कथा का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण और भगवान शिव की आराधना से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।यह आयोजन भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की साझा सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का जीवंत उदाहरण बनकर श्रद्धालुओं को एक सूत्र में जोड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story