कुनौली में आंधी का कहर: 100 साल पुराना पेड़ गिरा, घर-दुकान क्षतिग्रस्त, बिजली ठप

WhatsApp Channel Join Now
कुनौली में आंधी का कहर: 100 साल पुराना पेड़ गिरा, घर-दुकान क्षतिग्रस्त, बिजली ठप


सुपौल, 02 मई (हि.स.)। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र कुनौली में तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। खासकर वार्ड नंबर 12 और 15 में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां तेज हवाओं के कारण बिजली के तार टूटकर गिर गए और घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

आंधी की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई स्थानों पर विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। वार्ड नंबर 12 स्थित हॉस्पिटल रोड निवासी अजय ठाकुर के घर, दुकान और मत्स्य विभाग द्वारा निर्मित मकान पर करीब 100 साल पुराना पाखेर का पेड़ गिर गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।

अजय ठाकुर ने बताया कि आंधी के दौरान वे परिवार के साथ घर के अंदर थे। अचानक तेज आवाज सुनते ही उन्होंने स्थिति की गंभीरता समझी और तुरंत सभी को बाहर निकाल लिया। समय रहते घर खाली कर देने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने-अपने नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। प्रशासन से राहत और मरम्मत कार्य की मांग भी उठने लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story