गिरफ्तारी के बाद कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
गिरफ्तारी के बाद कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल


मधेपुरा, 02 मार्च (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पहले से उठ रहे सवालों के बीच एक ताजा मामला चर्चा का केंद्र बन गया है। शंकरपुर थाना कांड संख्या 240/25 के नामजद अभियुक्त अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव (मधेेली वार्ड संख्या 13 निवासी) की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को शंकरपुर पुलिस ने अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव को मधेली गांव से गिरफ्तार किया। थाना लाकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसी दिन जेल भेज दिया गया लेकिन गिरफ्तारी से लेकर न्यायालय तक की यात्रा के दौरान के कई रील सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

आरजेडी अमित आर्य के नाम से बनी एक आईडी से अपलोड रील में देखा जा रहा है कि— अभियुक्त को बिना हथकड़ी के पुलिस ने वाहन की जगह निजी वाहन में बैठाया। रास्ते में होटल में पुलिस की मौजूदगी में भोजन किया गया। हाथ में हथकड़ी लेकर स्वयं वीडियो बनवाते नजर आ रहे हैं। “आज जेल हुई, कल बेल हुई” जैसे गानों पर रील अपलोड कर कथित तौर पर दबंग छवि प्रस्तुत की जा रही है। इन वायरल वीडियो में थाना अध्यक्ष राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मी साथ दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य आम लोगों में चर्चा और असंतोष का कारण बना हुआ है।

अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव पर मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना सहित सुपौल जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में मधेली निवासी चर्चित शिक्षक राम बाबू हत्याकांड में भी वे नामजद अभियुक्त रह चुके हैं। हत्या, लूट सहित अन्य गंभीर मामलों में उनका नाम सामने आता रहा है। गिरफ्तारी के बाद भी सोशल मीडिया पर रील अपलोड किए जाने से यह संदेश जा रहा है कि कानून का भय समाप्त हो चुका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अपहरण, हत्या, लूट, डकैती और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हों, ऐसे में इस प्रकार के दृश्य पुलिस की छवि को कमजोर करते हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद एसपी संदीप सिंह ने इसमें जांच के आदेश दिए और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया। इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक राम उदय कुमार, चौकीदार अनिल कुमार और मो. रसूल शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story