समेकित पोषक तत्व प्रबंधन प्रशिक्षण का समापन, 40 प्रशिक्षणार्थियों को मिले प्रमाणपत्र
बक्सर, 03 सितंबर (हि.स.)। कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर की ओर से आयोजित 15 दिवसीय सर्टिफिकेट कोर्स “समेकित पोषक तत्व प्रबंधन” का गुरुवार को समापन हुआ। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भा.कृ.अनु.प.) के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में 17 अगस्त से चल रहे प्रशिक्षण में कुल 40 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान 32 सैद्धांतिक एवं 12 व्यवहारिक कक्षाओं के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को समेकित पोषक तत्व प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी गई। विभिन्न कृषि संस्थानों के वैज्ञानिकों, कृषि विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन सत्र में भा.कृ.अनु.प. पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के विभागाध्यक्ष सह प्रधान वैज्ञानिक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने मृदा परीक्षण और संस्तुति आधारित उर्वरक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन से फसलों की बेहतर उत्पादकता हासिल की जा सकती है।
वैज्ञानिक डॉ. सौरभ कुमार ने ब्लू-ग्रीन एल्गी, ट्राइकोडर्मा एवं जैव उर्वरक जैसे बायो-इनोकुलेंट्स के महत्व और उनके उचित प्रयोग की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ. देवकरन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त तकनीकी ज्ञान को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक श्री हरिगोबिन्द ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन किया। विशेषज्ञ डॉ. रामकेवल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मूल्यांकन के बाद सफल प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में हेमलता पाण्डेय, बबिता कुमारी, रिंकु कुमारी, मुस्कान कुमारी, कनकलता सिन्हा, दीपक पासवान, कृपानारायण सिंह, शशिभूषण सिंह, अमन सिंह यादव, प्रिंस कुमार राय, मंटू प्रसाद, रविशंकर भारद्वाज सहित अन्य प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

