कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि, 26,600 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज, तीन फाटक खुले

WhatsApp Channel Join Now
कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि, 26,600 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज, तीन फाटक खुले


सुपौल, 04 जून (हि.स.)। बाढ़ अवधि के चौथे दिन कोसी नदी के जलप्रवाह में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वीरपुर स्थित कोसी बराज पर बुधवार को नदी का डिस्चार्ज 26,600 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया, जो बढ़ते क्रम में बताया जा रहा है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार नदी के बढ़ते जलप्रवाह को नियंत्रित करने और जल निकासी को सुचारू बनाए रखने के लिए बराज के तीन फाटक खुले रखे गए हैं। विभागीय अधिकारी लगातार नदी के जलस्तर और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हालांकि वर्तमान जलप्रवाह खतरे के स्तर से काफी नीचे है, फिर भी बाढ़ अवधि शुरू होने के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कोसी तटबंधों और बराज क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा की मात्रा बढ़ने पर आने वाले दिनों में कोसी नदी के जलप्रवाह में और बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story