कोसी नदी उफान पर, 97 हजार क्यूसेक पार हुआ डिस्चार्ज; बराज के 11 फाटक खुले
सुपौल, 22 जून (हि.स.)।नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सोमवार सुबह 10 बजे कोसी बराज पर नदी का डिस्चार्ज 97,935 क्यूसेक बढ़ते क्रम में दर्ज किया गया, जिसके बाद बराज के 11 फाटक खोल दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार नेपाल के बराहक्षेत्र में भी जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। सोमवार सुबह वहां 1,23,000 क्यूसेक जलप्रवाह रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि बराहक्षेत्र से आने वाला अतिरिक्त पानी अगले कुछ घंटों में कोसी नदी के जलस्तर को और बढ़ा सकता है, जिससे निचले इलाकों में दबाव बढ़ने की आशंका है।जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में बारिश जारी रहने की स्थिति में सोमवार के दौरान कोसी नदी का डिस्चार्ज 1.50 लाख क्यूसेक के आंकड़े को पार कर सकता है। ऐसे में तटबंधों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
वीरपुर स्थित जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने बताया कि इस वर्ष कोसी नदी का यह अब तक का सर्वाधिक जलस्तर है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संभावित खतरे को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से कर ली गई हैं। विभाग की ओर से संबंधित क्षेत्रों के जूनियर इंजीनियर, सहायक अभियंता और अन्य तकनीकी कर्मियों को उनके निर्धारित स्थलों पर तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील तटबंधों की विशेष निगरानी की जा रही है तथा अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने, अफवाहों से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

