कोसी नदी के कटाव का डीएम ने लिया जायजा, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को तत्काल रोकथाम का सख्त निर्देश
कटिहार, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले में कोसी नदी के तटीय क्षेत्रों में हो रहे गंभीर कटाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के तीनघड़िया इलाके में कटाव प्रभावित स्थलों का सघन निरीक्षण किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, कारागोला के अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कटाव को रोकने के लिए सभी संभव व आवश्यक कदम तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता (आपदा), अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति का जमीनी जायजा लिया और वहां रह रहे स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को कटाव की तेज रफ्तार और उससे उत्पन्न होने वाली भयावह समस्याओं व खतरों से अवगत कराया।
डीएम ने आम जनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कटाव से बचाव के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और उसे तुरंत धरातल पर उतारा जाए। इसके साथ ही, जिला प्रशासन द्वारा कोसी के तटीय इलाकों में रहने वाली आम जनता से भी विशेष अपील की गई है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या खतरे की आशंका होने पर तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते बचाव कार्य किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

