कोसी नदी में डूबने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोसी नदी में डूबने से महिला की मौत


सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के किशनपुर प्रखंड क्षेत्र की बौराहा पंचायत के वार्ड नंबर-10 में बुधवार को कोसी नदी में डूबने से 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका वार्ड नंबर-10 निवासी सुरजीत कुमार राय की पत्नी अनुपम कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अनुपम कुमारी बुधवार को मवेशी चराने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान कोसी नदी के किनारे पहुंचने पर अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के बाद वह नदी के गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिला को नदी में डूबते देखा। ग्रामीणों ने तत्काल उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में महिला की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद महिला का शव नदी से बरामद किया गया। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गई।

किशनपुर की सीओ ने बताया कि कोसी नदी में महिला के डूबने की सूचना मिली थी। महिला का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखते ही बिलख पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने कोसी नदी के किनारे पानी की गहराई और फिसलन को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story