कोसी तटबंध की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कोसी तटबंध की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण


कोसी तटबंध की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण


सुपौल, 24 सितंबर (हि.स.)। कोसी नदी के बढ़ते-घटते जलस्तर को देखते हुए तटबंध की सुरक्षा एवं कटावरोधी सामग्रियों के भंडारण की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने कोसी नदी के पश्चिमी तटबंध का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जल संसाधन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से कटावरोधी सामग्रियों के भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तटबंध की सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में कटावरोधी सामग्री उपलब्ध रखने के साथ-साथ ट्रैक्टर, जेसीबी एवं अन्य आवश्यक मशीनरी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि तटबंध की सतत निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर अभियंताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में मजदूरों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किया जा सके।उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में तटबंध एवं स्पर की सुरक्षा के लिए विभाग द्वारा कई सुरक्षात्मक कार्य कराए गए हैं तथा वर्तमान में भी आवश्यक कार्य जारी हैं। विभाग के अनुसार फिलहाल तटबंध सुरक्षित एवं मजबूत स्थिति में है।

अधिकारियों ने कहा कि कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तटबंध पर मौजूद रहकर नदी के जलस्तर एवं तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने तटबंध के अंदर रहने वाले लोगों से कोसी नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story