कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, सुपौल में बनाए गए 13 मतदान केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, सुपौल में बनाए गए 13 मतदान केंद्र


कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, सुपौल में बनाए गए 13 मतदान केंद्र


सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा अभ्यर्थिताएं वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त होंगे। इस निर्वाचन क्षेत्र में पूर्णिया, कोसी, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के सभी 14 जिले शामिल हैं। सभी 14 जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में नामित किए गए हैं। जिले में कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक सहायक मतदान केंद्र शामिल है। जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों एवं सदर अनुमंडल कार्यालय, सुपौल में 12 मूल मतदान केंद्र तथा त्रिवेणीगंज अंचल कार्यालय में सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है। इन मतदान केंद्रों पर कुल 9461 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2265 महिला और 7196 पुरुष मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता वाला मतदान केंद्र संख्या 40, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पिपरा का कार्यालय वेश्म है, जबकि सबसे कम मतदाता वाला केंद्र संख्या 35, प्रखंड विकास पदाधिकारी, निर्मली का कार्यालय वेश्म है।

मतदान केंद्रों में मरौना, निर्मली, सरायगढ़-भपटियाही, किशनपुर, सदर अनुमंडल कार्यालय सुपौल, प्रखंड कार्यालय सुपौल, पिपरा, राघोपुर स्थित सिमराही नगर पंचायत, प्रतापगंज, बसंतपुर, छातापुर, त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय तथा त्रिवेणीगंज अंचल कार्यालय शामिल हैं। निर्वाचन की तैयारी को लेकर सुपौल जिले में कोषांगों का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। शीघ्र ही दीवार लेखन, कर्मियों का डाटाबेस तैयार करने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारी की जाएगी। मतदान प्रक्रिया में पीठासीन पदाधिकारी राजपत्रित स्तर के तथा अन्य मतदान कर्मी लेखा/सहायक स्तर के होंगे। ईवीएम के स्थान पर बैलेट बॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story