कोसी महासेतु पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दरभंगा से वीरपुर जा रहा था

WhatsApp Channel Join Now
कोसी महासेतु पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दरभंगा से वीरपुर जा रहा था


सुपौल, 16 अगस्त (हि.स.)।

जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 स्थित कोसी महासेतु के पूर्वी हिस्से में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान सुनील पांडे के पुत्र मनोज पांडे (30) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, मनोज पांडे अपनी बहन के घर दरभंगा से बाइक से वीरपुर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोसी महासेतु के पूर्वी भाग में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।दुर्घटना के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी किशनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दी गई। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मनोज दरभंगा से वीरपुर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story