कोसी स्नातक चुनाव: 14 जिलों में मतदान संपन्न, कुल 58.45 प्रतिशत पड़े वोट

WhatsApp Channel Join Now
कोसी स्नातक चुनाव: 14 जिलों में मतदान संपन्न, कुल 58.45 प्रतिशत पड़े वोट


भागलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस द्विवार्षिक चुनाव में इस बार कुल 58.45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कोसी प्रमंडल सहित कुल 14 जिलों में फैले इस निर्वाचन क्षेत्र के 1.34 लाख से अधिक स्नातक मतदाताओं ने चुनावी मैदान में उतरे 15 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद कर दी है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8:00 बजे शुरू हुई। शुरुआती घंटों में ठंड और सुबह के समय मतदाताओं की उपस्थिति थोड़ी कम रही, जिससे पहले दो घंटों में मतदान प्रतिशत धीमा रहा।

दोपहर 2:00 बजे तक करीब 35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। हालांकि, दोपहर बाद युवाओं और कामकाजी वर्ग के मतदाताओं के निकलने से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं और अंतिम दो घंटों में वोटिंग की रफ्तार में भारी तेजी आई। भागलपुर, पूर्णिया, खगड़िया समेत सभी 14 जिलों में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का जायजा लिया। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रही, जिससे कहीं भी भीड़ या हंगामा देखने को नहीं मिला।

सभी बूथों पर मोबाइल ले जाने पर सख्त पाबंदी थी और इसके लिए बाहर ही जमा काउंटर बनाए गए थे। शाम 4:00 बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी जिलों से मतपेटियों को सील कर कड़ी सुरक्षा के बीच पूर्णिया स्थित आयुक्त कार्यालय के स्ट्रॉन्ग रूम में भेजा जा रहा है। चुनाव के नतीजे आगामी 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे, जिससे यह तय होगा कि निवर्तमान एमएलसी डॉ. एनके यादव अपनी सीट बचा पाते हैं या विपक्षी गठबंधन के नितेश कुमार यादव बाजी मारते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story