कोसी स्नातक चुनाव: भागलपुर में प्रशासनिक तैयारियां पूरी, 26 केंद्रों पर 25 हजार मतदाता करेंगे वोट

WhatsApp Channel Join Now
कोसी स्नातक चुनाव: भागलपुर में प्रशासनिक तैयारियां पूरी, 26 केंद्रों पर 25 हजार मतदाता करेंगे वोट


भागलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। जिले में मतदान के लिए कुल 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 25 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस संबंध में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। अधिकारियों ने बताया कि सभी मतदान कर्मियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है ताकि समय पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कहा, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी 26 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान कर्मियों को ससमय रवाना किया जा रहा है ताकि किसी भी स्तर पर कोई असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार ने कहा, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों और दंडाधिकारियों की तैनाती की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों से कड़ाई से निपटा जाएगा। शांतिपूर्ण मतदान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया को निर्बाध रूप से चलाने के लिए सभी जरूरी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story