कोसी के रौद्र रूप से रंगरा प्रखंड के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, कटरिया स्टेशन और तटबंध पर शरण ले रहे लोग

WhatsApp Channel Join Now
कोसी के रौद्र रूप से रंगरा प्रखंड के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, कटरिया स्टेशन और तटबंध पर शरण ले रहे लोग


भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा चौक प्रखंड में कोसी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने भारी तबाही मचानी शुरू कर दी है। नदी के उफान से प्रखंड की कई पंचायतों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर बहाव, संपर्क कटाबाढ़ का सबसे गंभीर असर सधुआ चापर, मदरौनी और सहोड़ा सहित आसपास की कई पंचायतों में देखने को मिल रहा है। सधुआ गांव की मुख्य सड़क बाढ़ के पानी में पूरी तरह डूब चुकी है। सड़क पर तेज बहाव के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे ग्रामीणों का प्रखंड और जिला संपर्क टूट गया है। कोसी नदी का पानी तेजी से खेतों और फसलों को जलमग्न करते हुए अब रिहायशी इलाकों और लोगों के घरों में प्रवेश कर चुका है। घर-आंगन में पानी भर जाने के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। अपनी जान और माल की सुरक्षा के लिए ग्रामीण अपने परिवारों, मवेशियों और जरूरी सामानों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। प्रशासनिक मदद के अभाव और बेकाबू होती स्थिति के बीच बाढ़ पीड़ित परिवार कटरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और त्रिमुहानी तटबंध पर त्रिपाल तानकर शरण लेने को मजबूर हैं।

पीड़ितों के सामने अब दाने-दाने का संकट खड़ा होने लगा है, वहीं पशुचारे की भी भारी किल्लत हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री, नाव की व्यवस्था और सुरक्षित सामुदायिक रसोई शुरू करने की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story