कोसी स्नातक चुनाव को लेकर जन सुराज की बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
कोसी स्नातक चुनाव को लेकर जन सुराज की बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर


सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी की सुपौल जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, मतदाता संपर्क अभियान तथा मतदान केंद्र स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जन सुराज के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जन सुराज के प्रदेश संयोजक, राज्य चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना मौजूद रहे। वहीं कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के घोषित उम्मीदवार डॉ. रजनीश कुमार रंजन भी विशेष रूप से शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने किशोर कुमार मुन्ना और डॉ. रजनीश कुमार रंजन का पाग एवं माला पहनाकर स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव संगठन की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का अध्ययन करने, स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा प्रखंड से लेकर मतदान केंद्र स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के बीच जन सुराज के मुद्दों और विचारों को पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर संवाद भी स्थापित करना होगा। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

जन सुराज जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सुपौल जिले में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 13 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। इन मतदान केंद्रों पर करीब नौ हजार मतदाताओं के मतदान करने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित मतदान केंद्रों को लेकर सहमति ली जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मतदान केंद्र सरकारी भवनों में बनाए जाने हैं और मतदाता अपने-अपने प्रखंड मुख्यालय में मतदान कर सकेंगे। पार्टी की ओर से मतदान केंद्रवार संगठन को सक्रिय करने तथा मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। कोसी संगठन प्रभारी सह गम्हरिया प्रमुख शशि यादव ने कहा कि पार्टी की जिला इकाई बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ प्रत्येक स्नातक मतदाता से संपर्क स्थापित करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को स्नातक मतदाताओं के मुद्दों और उनकी अपेक्षाओं को सामने रखने का अवसर मानकर अभियान चलाने की अपील की।

बैठक में कोसी क्षेत्रीय प्रभारी इंद्रदेव शाह, प्रदेश संयोजक रामप्रवेश यादव, कार्यकारिणी सदस्य अभय कुमार मुन्ना, प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ तपेश्वर भारती, पार्टी कोषाध्यक्ष मनमोहन झा, अनुराधा पासवान, जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष दरेन राशिद, जिला संघर्ष वाहिनी अध्यक्ष मनोज सिन्हा, जिला मुख्य प्रवक्ता रीति झा, नीलम सिंह, पूजा कुशवाहा, पिंकी कुमारी, चितरंजन झा, प्रमोद मेहता, प्रदीप भारती, राघोपुर प्रखंड अध्यक्ष, दुर्गानंद सिंह, बबलू बिहारी, नीरज, प्रमोद कुमार मेहता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story