कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव से तटबंध के भीतर बढ़ी परेशानी, ढोली-सियानी में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

WhatsApp Channel Join Now
कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव से तटबंध के भीतर बढ़ी परेशानी, ढोली-सियानी में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी


सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड में कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर तटबंध के भीतर बसे गांवों में दिखाई देने लगा है।

ढोली और सियानी गांव में बाढ़ का पानी फैलने से लोगों के घरों के आंगन तक पानी पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।जानकारी के अनुसार पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर स्थित पांच पंचायतें हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आती हैं। इनमें बनैनिया और ढोली पंचायत पूरी तरह प्रभावित होती हैं, जबकि लौकहा, भपटियाही और सरायगढ़ पंचायत के कई हिस्सों में भी बाढ़ का असर देखने को मिलता है।

ढोली पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि ढोली और सियानी गांव में पानी फैलने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सरकारी नाव उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इधर, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन ने बताया कि फिलहाल कोसी नदी का जलस्तर घट रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

प्रशासन की ओर से ढोली और सियानी गांव में गोताखोरों को भेजकर बाढ़ की स्थिति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव के कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story