कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार के सभी 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
कटिहार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को कटिहार जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो गया। सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के दौरान जिले भर में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
मतदान को स्वच्छ एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने जिला नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं की पहचान, मत की गोपनीयता और सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं की पहचान केवल आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों—जैसे मतदाता फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस—के आधार पर ही सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सभी केंद्रों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मतदान की समाप्ति के उपरांत सभी सीलबंद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा में पूर्णिया स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। जिला व पुलिस प्रशासन के पुख्ता समन्वय से पूरा चुनाव व्यवस्थित ढंग से पूरा हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

