कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार में 23 अक्टूबर को मतदान, 10,977 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

WhatsApp Channel Join Now
कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार में 23 अक्टूबर को मतदान, 10,977 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग


कटिहार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद् के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत जिले के 20 मतदान केंद्रों पर आगामी 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। जिले में कुल 10,977 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुक्रवार को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रेक्षक एवं जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संयुक्त समीक्षा बैठक कर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को सभी तैयारियां स-समय पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया।

मतदान केंद्रों का सत्यापन पूरा, 10,977 मतदाता पंजीकृत

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है और वहां न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक केंद्र के बाहर पीले बैकग्राउंड पर काले रंग से केंद्र का नाम, मतदान तिथि और मतदाताओं का ब्योरा दर्शाने वाले साइनेज लगाए जा रहे हैं। जिले में कुल 10,977 मतदाताओं में 8,424 पुरुष और 2,553 महिला मतदाता शामिल हैं। नगर निगम कार्यालय स्थित उत्तर-मध्य भाग केंद्र पर सर्वाधिक 1,019 तथा उत्तर भाग केंद्र पर 1,017 मतदाता हैं, जबकि मनिहारी केंद्र पर 1,000 मतदाता पंजीकृत हैं।

प्रशिक्षण और सुरक्षा ब्रीफिंग के निर्देश

प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों का डेटाबेस, रैंडमाइजेशन, मतपेटिकाओं की सफाई, रूट चार्ट, सुरक्षा ब्रीफिंग और सामग्री वितरण की व्यवस्था बिना किसी देरी के पूरी की जाए। मतदान कर्मियों व माइक्रो ऑब्जर्वर का पहला प्रशिक्षण 5 अक्टूबर को पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा प्रशिक्षण 12 अक्टूबर को आयोजित होगा। वहीं, 16 अक्टूबर को प्रेक्षक की अध्यक्षता में माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र रखा गया है।

पहचान के लिए 10 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य

मतदान के दिन पहचान स्थापित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी/सार्वजनिक उपक्रमों/स्थानीय निकायों के सेवा पहचान-पत्र, सांसद/विधायक/पार्षद पहचान-पत्र, शैक्षणिक संस्थानों के सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय की मूल डिग्री/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी यूडीआईडी (दिव्यांगता) कार्ड को वैध माना है।

31 अक्टूबर तक संपन्न होगी प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग द्वारा 29 सितंबर को जारी अधिसूचना के बाद 6 अक्टूबर तक नामांकन और 7 अक्टूबर को पत्रों की संवीक्षा की गई थी। शुक्रवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न करा ली जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story