(अपडेट)कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार में 50.50% हुआ मतदान, 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट)कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार में 50.50% हुआ मतदान, 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न


जिले के 10,977 मतदाताओं में से 5,543 ने डाले वोट; हिंसा या गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं, पूर्णिया वज्रगृह भेजी गईं मतपेटिकाएं

कटिहार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को कटिहार जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर 50.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चले मतदान में जिले के कुल 10,977 पंजीकृत मतदाताओं में से 5,543 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच पूरी निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

मतदान समाप्ति के उपरांत जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 8,424 पंजीकृत पुरुष मतदाताओं में से 4,366 ने वोट डाले, जिनका मतदान प्रतिशत 51.83 रहा। वहीं 2,553 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1,177 महिलाओं ने भागीदारी दर्ज की, जिनका मतदान प्रतिशत 46.10 रहा। बूथवार आंकड़ों में मतदान केंद्र संख्या 88 पर सर्वाधिक 77.53 प्रतिशत वोट पड़े। उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक जिले में बूथ कैप्चरिंग, हिंसा, विधि-व्यवस्था भंग अथवा मतपेटियों से छेड़छाड़ की शिकायत पूरी तरह शून्य रही।

निर्वाचन को स्वच्छ और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं की पहचान, मत की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पीठासीन पदाधिकारियों को केवल निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों—जैसे मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस—के आधार पर ही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए थे।

शाम 4:00 बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान केंद्रों की सीलबंद मतपेटिकाओं को मजिस्ट्रेट और पुख्ता पुलिस अभिरक्षा में पूर्णिया स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के परस्पर समन्वय से पूरे जिले में मतदान बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story