कोशी स्नातक चुनाव: किशनगंज के आठ केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
कोशी स्नातक चुनाव: किशनगंज के आठ केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा


किशनगंज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को किशनगंज जिले के सभी आठ मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान कराया गया।

मतदान के दौरान मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इस दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

प्रशासन की प्राथमिकता मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने तथा मतदाताओं को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने की रही। जिले के आठ मतदान केंद्रों पर कुल 3,554 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 2,898 पुरुष और 656 महिला मतदाता शामिल थे। कोचाधामन प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 62 पर सर्वाधिक 852 मतदाता थे। वहीं, किशनगंज प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 63 पर सबसे कम 182 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में 214, बहादुरगंज में 521, दिघलबैंक में 323, ठाकुरगंज में 541, पोठिया में 347, कोचाधामन में 852, किशनगंज प्रखंड कार्यालय में 182 तथा किशनगंज अनुमंडल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर 574 मतदाता पंजीकृत थे। निर्वाचन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था पर नजर रखी गई।

डीएम और एसपी के निरीक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर निष्पक्षता बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की आशंका को दूर करना था। प्रशासन ने शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story