बक्सर में खुले श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय : स्नेहाशीष वर्धन

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर में खुले श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय : स्नेहाशीष वर्धन


बक्सर।, 24 सितंबर (हि.स.)। माता सीता के नाम पर पटना में महिला विश्वविद्यालय और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर बेगूसराय में प्रस्तावित विश्वविद्यालय को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने बक्सर में श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग उठाई है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि बक्सर का भगवान श्रीराम की दीक्षास्थली के रूप में विशेष पौराणिक महत्व है। विश्वामित्र आश्रम से जुड़ी परंपराओं के कारण बक्सर को शिक्षा, ज्ञान और कौशल की भूमि के रूप में भी जाना जाता है। ऐसे में यहां श्रीराम के नाम पर रोजगारपरक और आधुनिक कौशल शिक्षा केंद्रित विश्वविद्यालय की स्थापना होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 के तहत नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की पहल हो रही है तो बक्सर को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। वर्तमान में जिले में उच्च शिक्षा के सीमित अवसर हैं। परास्नातक के कई विषयों और शोध के लिए विद्यार्थियों को आरा अथवा अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। बक्सर में कौशल विश्वविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च एवं रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी। साथ ही पर्यटन और रोजगार के अवसरों का भी विस्तार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story