किशनपुर सीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
सुपौल, 05 मई (हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने किशनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, मरीजों के लिए उपलब्ध चादरों तथा शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित सफाई एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो माह के विपत्र से 75 प्रतिशत राशि की कटौती करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अस्पताल में संचालित जेनरेटर के लॉग बुक की जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर उसे जब्त करने का आदेश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में तीन व्यक्ति अनाधिकृत रूप से पाए गए, जिनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित थाना को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर मौजूद मिले और मरीजों को नियमित रूप से दवाओं का वितरण किया जा रहा था। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने तथा साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

