क्रिकेट के मैदान पर चमकी किशनगंज की तानिया, अंडर-19 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
क्रिकेट के मैदान पर चमकी किशनगंज की तानिया, अंडर-19 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन


किशनगंज, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले की उभरती महिला क्रिकेट खिलाड़ी तानिया कुमारी ने राजस्थान के टोंक जिले में आयोजित अंडर-19 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।प्रतियोगिता में उनके खेल की चर्चा के बाद किशनगंज के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने तानिया के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।

तानिया राजस्थान के बनस्थली विद्यापीठ में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ वह क्रिकेट के क्षेत्र में भी लगातार मेहनत कर रही हैं। क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि और नियमित अभ्यास ने उन्हें प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने में मदद की है।

तानिया ने किशनगंज की टार्गेट क्रिकेट एकेडमी से क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग ली थी। एकेडमी में प्रशिक्षण के दौरान ही उनके खेल के प्रति समर्पण और सीखने की ललक नजर आने लगी थी। टार्गेट क्रिकेट एकेडमी के प्रशिक्षकों के अनुसार, तानिया शुरू से ही मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रही हैं। अभ्यास के दौरान वह खेल की बारीकियों को समझने और अपनी कमियों को दूर करने पर विशेष ध्यान देती थीं। लगातार अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने कम उम्र में ही क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। तानिया किशनगंज नगर परिषद के वार्ड पार्षद रंजीत रामदास की पुत्री हैं। उनकी उपलब्धि पर परिवार के सदस्यों ने खुशी जताते हुए गर्व व्यक्त किया है। वहीं, जिले के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने तानिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से जिले की अन्य युवा खिलाड़ियों को भी क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story