श्रावणी मेला के आयोजन के लिए किशनगंज को मिले 10 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला के आयोजन के लिए किशनगंज को मिले 10 लाख रुपये


किशनगंज, 10 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बिहार सरकार ने किशनगंज जिले के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की पहल पर जिले को यह राशि आवंटित की गई है। सरकार की ओर से राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद श्रावणी मेला की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपबंधित राशि में से 10 लाख रुपये किशनगंज जिले में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला से संबंधित कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इस राशि का उपयोग मेला स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा सकेगा।

विभागीय सचिव सीमा त्रिपाठी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि किशनगंज के जिलाधिकारी द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर राशि की स्वीकृति दी गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल श्रावणी मेला 2026 से संबंधित कार्यों के लिए ही किया जाएगा। किसी अन्य मद में इस राशि का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। आदेश के मुताबिक राशि की निकासी निर्धारित बजट शीर्ष के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध निधि से की जाएगी। साथ ही राशि के उपयोग को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

किशनगंज के डीएम, अपर समाहर्ता, संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी तथा निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को स्वीकृत राशि के उचित उपयोग के लिए उत्तरदायी बनाया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि राशि का खर्च निर्धारित वित्तीय नियमों के अनुरूप और अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में सुनिश्चित करें। विभागीय आदेश की प्रतिलिपि पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त, किशनगंज के डीएम, कोषागार पदाधिकारी एवं उपकोषागार पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।

सरकार के इस निर्णय से जिले में श्रावणी मेला की तैयारियों को मजबूती मिलने की संभावना है। समय पर राशि उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में भी जिला प्रशासन को सहूलियत होगी। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की पहल से मिली इस स्वीकृति को जिले में श्रावणी मेला के सफल आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story